शिवसेना-भाजपा में खींचतान के बीच किसान बनना चाहता है मुख्यमंत्री

Summary :

महाराष्ट्र के बीड जिले का एक किसान सत्ता को लेकर भाजपा- शिवसेना के बीच मतभेद सुलझने और अगली सरकार का गठन होने तक राज्य का मुख्यमंत्री बनने का इच्छुक है।

महाराष्ट्र के बीड जिले का एक किसान सत्ता को लेकर भाजपा- शिवसेना के बीच मतभेद सुलझने और अगली सरकार का गठन होने तक राज्य का मुख्यमंत्री बनने का इच्छुक है। 
केज तालुका के वडमौली निवासी किसान श्रीकांत विष्णु गडाले ने बीड कलेक्टर कार्यालय को बृहसप्तिवार को पत्र लिखकर अपनी इच्छा जाहिर की। 
उन्होंने पत्र में लिखा, “शिवसेना और भाजपा 2019 विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद से मुख्यमंत्री पद को लेकर उठे मुद्दे को अब तक नहीं सुलझा पाई हैं। 
किसान ने लिखा है, ‘‘प्राकृतिक आपदाएं (बेमौसम बरसात) ने राज्य में पकी फसलों को नुकसान पहुंचाया है। किसान इन आपदाओं को लेकर परेशानी में हैं।” 
उन्होंने कहा, ‘‘इस वक्त जब किसान परेशान हैं, शिवसेना और भाजपा मुख्यमंत्री पद के मुद्दे को सुलझा पाने में अक्षम हैं तो इसलिए मुद्दा सुलझने तक राज्यपाल को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी मुझे दे देनी चाहिए।” 
गडाले ने कहा, “मैं किसानों की समस्या सुलझाऊंगा और उन्हें न्याय दूंगा।” 

Shera Rajput