संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर 11 दिसम्बर से गुवाहाटी में लगा कर्फ्यू आज मंगलवार को हटा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि शहर में दुकानें और व्यवसायिक प्रतिष्ठान खुले हैं। बस, कार और दोपहिया वाहन सड़कों पर नजर आ रहे हैं। कानून एवं व्यवस्था की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल द्वारा सोमवार को बुलाई गई एक बैठक में गुवाहाटी से कर्फ्यू हटाने का निर्णय लिया गया।
डिब्रूगढ़ में कर्फ्यू में 14 घंटे की छूट
आधिकारिक बयान के अनुसार, “गुवाहाटी में कल (मंगलवार को) सुबह छह बजे से पूरी तरह कर्फ्यू हटाने का निर्णय लिया गया है।” उन्होंने बताया कि डिब्रूगढ़ में मंगलवार को सुबह छह बजे से 14 घंटे तक कर्फ्यू में ढील दी जाएगी। वही, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने ट्वीट कर कहा कि असम, गुवाहाटी में आज सुबह 6 बजे से ब्रॉडबैंड सेवा पूरी तरह से बहाल कर दी गई है।
असम में संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ हुए प्रदर्शन के हिंसक रूप लेने के बाद प्रदर्शनकारियों ने तीन रेलवे स्टेशन, एक पोस्ट ऑफिस, एक बैंक , एक बस टर्मिनस, कई दुकानें, वाहनों और कई अन्य सार्वजनिक सम्पत्तियों को आग लगा दी थी या उनमें तोड़-फोड़ की थी। प्रदर्शनों में बुधवार तक पांच लोग अपनी जान गंवा चुके थे।


Download Android App
Download iOS App




