हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने धर्मशाला के व्यवस्थित विकास के लिए पर्याप्त धनराशि देने का आश्वासन दिया, ताकि यह देश का सबसे अच्छा पर्यटन स्थल बन जाए। उन्होंने यहां जोरावर स्टेडियम में आयोजित ‘आभार रैली’ में हाल में हुए उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार विशाल नेहरिया को चुनने के लिए धर्मशाला विधानसभा सीट के लोगों को धन्यवाद दिया।
ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला न केवल कांगड़ा का मुख्यालय है बल्कि राज्य का सबसे बड़ा जिला भी है और यह जिला अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए विश्व पर्यटन के नक्शे पर भी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोग भाग्यशाली है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस पहाड़ी राज्य को अपना दूसरा घर मानते हैं।
मुख्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी धर्मशाला के विकास के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराने का भी वादा किया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि यह देश का बेहतर पर्यटन स्थल बने। ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट’ के बारे में बात करते हुए ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला में इस कार्यक्रम का आयोजन करने का मकसद कांगड़ा जिले के विकास को गति देना है। उन्होंने बताया कि मोदी बृहस्पतिवार को उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता करेंगे जबकि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को समापन कार्यक्रम में भाग लेंगे।


Download Android App
Download iOS App



