मेघालय उपचुनाव : दक्षिण तुरा सीट से 8000 वोटों से जीते मुख्यमंत्री संगमा

Summary :

कोनराड संगमा की जीत के साथ ही 60 सदस्यीय मेघालय विधानसभा में नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के पास भी विपक्षी दल कांग्रेस के बराबर, 20 सीटें हो गयी हैं।

शिलांग : मेघालय के मुख्यमंत्री और एनपीपी अध्यक्ष कोनराड के. संगमा ने दक्षिण तुरा सीट से अपनी निकटतम प्रत्याशी कांग्रेस की शारलोट डब्ल्यू मोमिन को करीब साढ़े आठ हजार वोटों से हरा कर आज जीत दर्ज की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एफ. आर. खारकोंगोर ने यह जानकारी दी।

कोनराड संगमा की जीत के साथ ही 60 सदस्यीय मेघालय विधानसभा में नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के पास भी विपक्षी दल कांग्रेस के बराबर, 20 सीटें हो गयी हैं। बता दें कि एनपीपी राज्य में छह दलों वाले मेघालय जनतांत्रिक गठबंधन (एमडीए) की सरकार का नेतृत्व कर रही है।

जीत के सीएम संगमा ने ट्वीट कर दक्षिण तुरा का किया शुक्रिया

अधिकारी ने बताया कि एनपीपी अध्यक्ष संगमा को दक्षिण तुरा से कुल 13,656 वोट मिले जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी मोमिन को 8,421 वोट मिले। इस सीट पर कुल 22,200 वोट पड़े थे। एनपीपी के अलावा एमडीए के पास भाजपा के दो और राकांपा के एक विधायक का भी समर्थन प्राप्त है।

इसके अलावा क्षेत्रीय दलों यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (सात), पीपुल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट (चार), हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (दो) और निर्दलीय (दो) का भी समर्थन संगमा की सरकार को प्राप्त है।

Desk Team