उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय के पुत्र अंकुर की उत्तर प्रदेश में एक सड़क दुर्घटना में हुई आकस्मिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है ।
उन्होंने दिवंगत आत्मा की शान्ति तथा शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। मुख्यमंत्री रावत ऊधमसिंह नगर जिले के गुलरभोज स्थित श्मशान घाट में अकुंर पाण्डेय के अन्तिम संस्कार में शामिल हुए व शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी और कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य भी मौजूद रहे। पांडेय के 24 वर्षीय पुत्र अंकुर की कल देर रात लगभग दो बजे उत्तर प्रदेश के बरेली के पास फरीदपुर में एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गयी थी । दुर्घटना में अंकुर के एक मित्र मुन्ना गिरि की भी मौत हो गयी तथा एक अन्य साथी घायल हो गया ।
दुर्घटना के समय अंकुर अपने मित्रों के साथ एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिये गोरखपुर जा रहे थे कि तभी उनकी कार सामने से तेज गति से आ रहे एक ट्रक से टकरा गयी । टक्कर इतनी भीषण थी कि दुर्घटना में कार के परखचे उड़ गये ।


Download Android App
Download iOS App



