केरल में मलप्पुरम के जिलाधिकारी के गोपालकृष्णन ने कोझिकोड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे पर हुए विमान हादसे में शनिवार को 18 लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। इस हादसे में मारे गए लोगों के प्रति तमिलनाडु मुख्यमंत्री ई.के पलानीस्वामी ने शोक जताया।
पलानीस्वामी ने अपने संदेश में कहा कि वह विमान हादसे की खबर सुनकर दुखी हैं। उन्होंने लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना जतायी। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
गौरतलब है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान दुबई से भारतीय नागरिकों को लेकर शुक्रवार शाम कोझिकोड पहुंचा था और लैंडिंग के वक्त रनवे पार कर 35 मीटर नीचे जा गिरा। विमान में चालक दल के छह सदस्यों समेत 190 यात्री सवार थे जिनमें दो पायलट सहित अब तक 18 की मौत हो चुकी है और 100 से अधिक लोगों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।


Download Android App
Download iOS App



