केरल के कोझिकोड में दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान से डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (डीएफडीआर) और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) बरामद हुए हैं। विमानन नियामक के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अधिकारी ने कहा, “विमान से बरामद हुए डीएफडीआर और सीवीआर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में मदद करेंगे।”
अधिकारी के मुताबिक ये उपकरण विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो के पास हैं और इन्हें आगे की जांच के लिए दिल्ली भेजा जाएगा। दुबई से 190 लोगों के साथ आ रहा एअर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान शुक्रवार रात भारी बारिश के बीच कोझिकोड हवाईअड्डे पर उतरने के दौरान हवाईपट्टी से फिसलने के बाद 35 फुट गहरी खाई में जा गिरा और उसके दो टुकड़े हो गए। विमान में सवार कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई।
वहीं विमान विशेषज्ञों ने शनिवार को कहा कि फिसलन भरा रनवे, तेज हवा, खराब मौसम की स्थिति और नियमित स्थान से आगे विमान का उतरना, ये सब मिलाकर एक घातक संयोजन हो सकते हैं, जिसके परिणामस्वरूप कोझिकोड में एयर इंडिया एक्सप्रेस की स्किडिंग हुई होगी।


Download Android App
Download iOS App



