केंद्र की मोदी सरकार में केन्द्रीय मंत्री नारायण राणे के आवास के बाहर प्रदर्शन करने वाले शिवसैनिकों के सदस्यों ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मुलाकात की है। मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में ये कार्यकर्ता केंद्रीय मंत्री के आवास के बाहर मंगलवार को प्रदर्शन करने पहुंचे थे।
पार्टी की युवा शाखा के नेता एवं प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले वरुण सरदेसाई ने बुधवार को बताया कि यह मुलाकात ठाकरे के आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ में मंगलवार रात हुई। राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य एवं मुख्यमंत्री के बेटे आदित्य ठाकरे भी बैठक में शामिल हुए। आदित्य युवा सेना के प्रमुख भी हैं। आदित्य के रिश्ते के भाई सरदेसाई ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा था कि क्या पार्टी राणे द्वारा मुख्यमंत्री के खिलाफ इस्तेमाल की गई भाषा का समर्थन करती है।
पुलिस ने पहले बताया था कि सांताक्रूज (पश्चिम) में जुहू तारा रोड स्थित राणे के आवास के पास शिवसेना की युवा शाखा और भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच मंगलवार को झड़प हो गई थी। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव किया, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। इसके बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
गौरतलब है कि यह पूरा विवाद सोमवार को राणे की मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारने वाली कथित टिप्पणी के बाद शुरू हुआ। राणे ने रायगढ़ जिले में ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ के दौरान दावा किया था कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने संबोधन में ठाकरे यह भूल गए कि देश की आजादी को कितने साल हुए हैं। मामले में राणे को मंगलवार को दोपहर में गिरफ्तार कर लिया गया था। महाड की एक अदालत ने मंगलवार को देर रात उन्हें जमानत दे दी थी।


Download Android App
Download iOS App



