हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भ्रष्टाचार को उखाड़ फेंकने और 250 करोड़ रूपये की स्मार्ट सिटी परियोजना को पूरा करने का वादा करते हुए मंगलवार को यहां लोगों से सात अप्रैल को होने वाले नगर निकाय चुनाव में भाजपा को वोट देने की अपील की।
ठाकुर ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि कई परियोजनाएं भ्रष्टाचार के कारण प्रभावित हुई हैं और धर्मशाला नगर निगम में सत्ता में आने पर भाजपा न केवल उन्हें उजागर करेंगी बल्कि दोषियों को दंडित भी करेगी।
उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि जनता धर्मशाला नगर निगम में भाजपा को सत्ता में लाये ताकि विकास कार्यों को रफ्तार मिले और सभी लंबित परियोजना समय से पूरी हो जाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा शहर के लिए कोई नया वादा नहीं कर रही है लेकिन वह एक साल के अंदर 250 करोड़ रूपये की स्मार्ट सिटी परियोजनाएं पूरा करने का वादा करती है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ इन परियोजनाओं को कांग्रेस शासित नगर निगम में हाशिये पर डाल दिया गया है।’’
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने राज्य के लोगों से कोरोना महामारी के प्रति सतर्क रहने की अपील की है, क्योंकि इस बार यह वायरस अधिक प्रभावशाली और खतरनाक बनकर लौटा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कोरोना के नए स्ट्रेन का अध्ययन करने के बाद पाया है कि इसमें खांसी और बुखार जैसे कोई लक्षण सामने नहीं आ रहे हैं और मरीजों को जोड़ में दर्द, शारीरिक कमजोरी, कम भूख लगने और कोविड-19 निमोनिया जैसी समस्याएं आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व में सामने आए मामलों के मुकाबले इस बार मरीजों का स्वास्थ्य बिगड़ने में कम समय लग रहा है और कभी-कभी कोई भी लक्षण सामने नहीं आ रहा है। इसलिए स्वयं, परिवार और समाज को खतरे में डालने से बेहतर है कि हम और अधिक सतर्क रहें।


Download Android App
Download iOS App



