उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के एक विवादित बयान के सामने आने के बाद विपक्षी दल कांग्रेस और “आप” ने उन पर तीखा हमला बोला है। दरअसल, तीरथ सिंह रावत ने कहा था कि आजकल के ‘युवाओं द्वारा फटी जींस पहनकर खुद को अमीर बाप की औलाद समझते हैं। इस पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे कद के व्यक्ति को किसी के पहनावे पर अशिष्ट टिप्पणी बिल्कुल शोभा नहीं देती।
उन्होंने कहा, ‘’ मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने एक अमर्यादित और ओछी टिप्पणी की है कि आजकल के बच्चे फटी जींस पहनकर अपने आप को बड़े बाप का बेटा समझते हैं। मुख्यमंत्री होने से आपको यह प्रमाणपत्र नहीं मिल जाता कि आप किसी के व्यक्तिगत पहनावे पर टिप्पणी करें। ‘’ उन्होंने मुख्यमंत्री को ऐसे बयानों से बचने की भी सलाह दी और कहा कि ऐसे बयानों से जन भावनाएं आहत होती हैं।
गौरतलब है कि मंगलवार को एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रावत ने कहा था कि संस्कारों के अभाव में युवा अजीबोगरीब फैशन करने लगे हैं और घुटनों पर फटी जींस पहनकर खुद को बड़े बाप का बेटा समझते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे फैशन में लड़कियां भी पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि आजकल के बच्चे बाजार में घुटनों पर फटी जींस खरीदने जाते हैं और अगर फटी न मिले तो उसे कैंची से काट लेते हैं।
उधर, उत्तराखंड में पांव पसारने का प्रयास कर रही आम आदमी पार्टी ने भी मुख्यमंत्री के इस बयान को ‘भद्दा’ बताते हुए कहा कि लड़कियों के जींस पहनने से मुख्यमंत्री को आपत्ति है। उत्तराखंड आप ने सोशल मीडिया पर अपने आधिकारिक पेज पर लिखा है, ‘’ ये देखो बेटियों, यह हैं आपके मुख्यमंत्री जिन्हें आपके कपड़ों पर तंज कसना है, लानत है ऐसे मुख्यमंत्री पर।’’
यहां एक प्रतिष्ठित स्कूल में शिक्षिका मंजु रौतेला ने कहा कि मुख्यमंत्री रावत की पहनावे पर यह टिप्पणी अनावश्यक है और इसकी बजाय उन्हें अन्य अधिक महत्वपूर्ण बातों पर फोकस करना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



