कांग्रेस ने भाजपा पर कमलनाथ सरकार को अस्थिर करने का लगाया आरोप

Summary :

पार्टी महासचिव ने दावा किया कि ‘कुशासन’ के कारण मध्य प्रदेश की जनता ने भाजपा को अस्वीकार करते हुए उसे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया था।

कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि भाजपा मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है। पार्टी महासचिव और राज्य प्रभारी दीपक बाबरिया ने कहा, ”भाजपा मध्य प्रदेश में भ्रष्ट तरीके अपनाकर कांग्रेस की सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है। वे जनादेश को खारिज करने की कोशिश कर रहे हैं और राज्य की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।”

congress bjp

उन्होंने दावा किया कि ‘कुशासन’ के कारण मध्य प्रदेश की जनता ने भाजपा को अस्वीकार करते हुए उसे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया था। उधर मध्य प्रदेश में भाजपा ने कहा कि कमलनाथ सरकार को विधानसभा में बहुमत सिद्ध करना चाहिए। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि भाजपा राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से आग्रह करेगी कि विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाए ताकि महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो और कांग्रेस सरकार बहुमत साबित करे।

23 मई को सारी हकीकत सामने आ जाएगी : कमलनाथ

उन्होंने कहा, ‘‘मैं विशेष सत्र बुलाने की मांग करते हुए राज्यपाल को पत्र लिख रहा हूं।’’ गौरतलब है कि पिछले साल हुए चुनाव में राज्य की 230 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस को 114 और भाजपा को 109 सीटें मिली थीं। कमलनाथ सरकार को बसपा के दो और सपा के एक विधायक का समर्थन हासिल है।

Desk Team