पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह झूठे वादे नहीं करती। नारायणसामी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस ऐसे ही वादे करती है जिन्हें पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर डॉ. मनमोहन सिंह तक, पंचवर्षीय योजना से लेकर सूचना प्रौद्योगिकी तक, सभी वादे पूरे किये गये।
पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी का देश के गरीबों को सालाना 72000 रुपये प्रदान करने का वादा एक अनूठी योजना है जो विश्व में कहीं भी नहीं है और इस वादे को भी पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने मनमोहन सिंह और पी. चिदंबरम जैसे आर्थिक विशेषज्ञों से चर्चा की है और इस योजना की घोषणा से पहले पूरी तरह संतुष्ट हो चुके हैं कि इसका क्रियान्वयन किया जा सकता है।
इस योजना से 20 फीसदी आबादी को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जब से इस योजना की घोषणा की है, तब से भारतीय जनता पार्टी को हार का डर सताने लगा है। मुख्यमंत्री नारायणसामी ने कहा कि पीएम मोदी अपने वादे पूरे करने में विफल रहे हैं और उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कोई नयी योजना शुरू नहीं की।
केवल कांग्रेस सरकार के समय की योजनाओं का नाम बदलकर उसे नयी योजना की तरह पेश कर दिया गया। नारायणसामी ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने किसानों की पूरी तरह अनदेखी की जिसके कारण महाराष्ट्र, राजस्थान और मध्य प्रदेश में बड़ी संख्या में किसानों को आत्महत्या करनी पड़ी।
तमिलनाडु किसान संगठनों ने फसल ऋण की माफी के लिए नयी दिल्ली में आंदोलन किया लेकिन पीएम मोदी ने कभी भी उनकी चिंता नहीं की। यही नहीं वित्त मंत्री अरुण जेटली ने घोषणा की कि केंद्र सरकार किसानों का कर्ज माफ नहीं कर सकती और राज्य सरकारों को इस पर विचार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुड्डुचेरी प्रशासन ने सभी बाधाओं को दूर कर किसानों का फसल ऋण माफ किया। प्रशासन अपने वादे पूरे कर रहा है और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन के लिए नये उद्योग लगाने संबंधी कदम उठाये जा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



