देश में चुनावी मौसम के बीच कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सतीश जारकीहोली ने हिन्दू पर बयान देकर एक नया विवाद खड़ा कर दिया। सतीश जारकीहोली के बयान को लेकर बीजेपी बुरी तरह से कांग्रेस पर हमलावर है। जरकीहोली ने अपने बयान में कहा कि अगर आपको हिंदू शब्द के मायने पता चलेंगे तो आपको शर्म आ जाएगी।
हिन्दू पर विवाद बयान पर विवाद खड़ा हुआ तो सतीश जारकीहोली ने बैकफुट पर आते हुए कहा कि सभी को साबित करने दें कि अगर मैं गलत हूं तो मैं अपने बयान के लिए माफी मांगूंगा साथ ही विधायक पद से इस्तीफा भी दूंगा। वहीं जारकीहोली के बयान को लेकर मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कांग्रेस को निशाने पर लिया।
कांग्रेस पर हमलावर हुई BJP
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे आधे ज्ञान के साथ एक समुदाय के मतदाताओं को खुश करने के लिए बयान देते हैं और अल्पसंख्यक वोट पाने का सपना देखते हैं। यह राष्ट्र विरोधी है और सभी को इसकी निंदा करनी चाहिए। क्या राहुल गांधी और सिद्धारमैया की चुप्पी सतीश के बयानों का समर्थन कर रही है?
कांग्रेस नेता के बयान पर कर्नाटक बीजेपी प्रभारी अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस हमेशा हमारी प्राचीन संस्कृति के बारे में बुरा बोलती है। सतीश जरकीहोली ने हमारी प्राचीन संस्कृति को बदनाम किया है। यह बेहद निंदनीय है। जनता इसका जवाब देगी। अगर कांग्रेस की नीयत साफ है, तो उन्हें तुरंत बाहर कर देना चाहिए।
बयान में क्या बोल गए जारकीहोली
कर्नाटक के बेलगावी जिले के निप्पान्नी इलाके में रविवार को एक कार्यक्रम में बोलते हुए सतीश जारकीहोली ने हिंदू शब्द की उत्पत्ति पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू शब्द कहां से आया? यह फ़ारसी है। भारत का क्या संबंध है? यह आपका कैसे हो गया हिंदू? इस पर चर्चा होनी चाहिए। यह शब्द आपका नहीं है। अगर आपको इसका मतलब समझ में आएगा तो आपको शर्म आ जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



