झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने मंगलवार को कहा कि पार्टी की प्रदेश इकाई के शीर्ष नेताओं ने दिल्ली में अपने मुख्यालय में बुलाई गई बैठक में भाग लिया और अन्य मुद्दों के साथ साझा न्यूनतम कार्यक्रम (सीएमपी) पर चर्चा की।
झामुमो और कांग्रेस के बीच दरार की अटकलों के बीच कांग्रेस की बैठक
राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन सहयोगियों – झामुमो और कांग्रेस के बीच दरार की अटकलों के बीच कांग्रेस की बैठक दिन के दौरान आयोजित की गई। कांग्रेस विधायकों ने हाल में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ खुलकर बात की है।
कांग्रेस ने हेमंत सोरेन मंत्रिपरिषद के चार सदस्यों सहित अपने लगभग 30 नेताओं को मंगलवार को पार्टी मुख्यालय बुलाया।
सीएमपी सहित सभी मुद्दों पर की गई चर्चा
ठाकुर ने बैठक के बाद दिल्ली से फोन पर कहा, ‘‘हमने आज दिल्ली में एक सफल बैठक की, जिसे हमारे झारखंड प्रभारी अविनाश पांडे ने बुलाया था। सीएमपी सहित सभी मुद्दों पर चर्चा की गई। सीएमपी से संबंधित मुद्दों के साथ-साथ पार्टी को मजबूत करने के लिए विचार-विमर्श किया गया।’’
उन्होंने राज्य में झामुमो के नेतृत्व वाली मौजूदा सरकार के लिए किसी भी तरह के खतरे से इनकार करते हुए कहा कि किसी भी गठबंधन में मतभेद पैदा होते हैं और उन्हें आपसी सम्मान के साथ भागीदारों से बातचीत के जरिए सुलझाया जाता है।
हालांकि, कांग्रेस के सूत्रों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि करीब एक महीने पहले भेजे गए सीएमपी पर पार्टी के प्रस्ताव को लेकर सोरेन से प्रतिक्रिया नहीं मिलने के कारण नेताओं ने बैठक में असंतोष जताया। सीएमपी को 2024 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए तैयार किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



