केन्द्रीय विधि एवं न्याय मामलों के मंत्री और भारतीय जनता पार्टी नेता रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर हमला करते हुए इसे अरुणाचल प्रदेश में हिंसा के लिए जिम्मेदार ठहराया और कहा कि कुछ लोग पूर्वोत्तर राज्यों में हमारे शासन से ‘नाखुश’ हैं। रविशंकर प्रसाद ने अरुणाचल में कानून और व्यवस्था की गिरती स्थिति के बारे में पूछे जाने पर संवाददाताओं से कहा,”सुरक्षा बल सभी आवश्यक कदम उठा रहे हैं तथा समुचित कार्रवाई कर रहे हैं।
उन्होंने कहा,”यह तथ्य है कि बीजेपी कई पूर्वोत्तर राज्यों में शासन कर रही है। कुछ लोग इस पर नाराजगी व्यक्त और हिंसा पैदा कर रहे हैं। आज पूरा देश पूर्वोत्तर के लोगों के साथ खड़े है।” अरुणाचल की राजधानी में कर्फ्यू लागू किया गया है तथा स्थिति को देखते हुए इसे बुधवार सुबह तक के लिए बढ़ दिया गया है।
अरुणाचल में स्थायी निवास प्रमाण पत्र (पीआरसी) जारी करने के विरोध में हुई हिंसा के बाद अब इसे लेकर राजनीति तेज हो गयी है और सत्ताधारी बीजेपी तथा विपक्षी दल कांग्रेस एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। हिंसा के दौरान कम से कम तीन लोग मारे जा चुके हैं। राज्य सरकार ने रविवार को कहा कि पीआरसी जारी करने के संबंध में फिलहाल कोई कदम नहीं उठाने का निर्णय लिया गया है।
इस बीच मेघालय के मुख्यमंत्री और एनपीपी के नेता कोनराड संगमा ने कहा,”अरुणाचल सरकार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि सरकार पीआरसी मामले पर आगे कोई कदम नहीं उठाएगी। इसलिए मुझे शांति कायम होने की उम्मीद है।” एक अन्य पड़सी राज्य नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफियो रियो ने ट्वीट किया, ”मुझे उम्मीद है कि अरुणाचल में शांति और आक्रोश समाप्त होगा। हम राज्य के लोगों के साथ अपनी एकजुटता प्रकट करते हैं तथा समाज के सभी वर्गों में शांति एवं सदभाव की प्रार्थना करते हैं।”


Download Android App
Download iOS App




