मध्य प्रदेश में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि अगर आप गूगल पर ‘स्कैम’ सर्च करेंगे तो आपको चुनाव से पहले शिवराज की तस्वीर दिखेगी। आपको बता दें की कांग्रेस पार्टी बेहद मजबूत होकर सरकार की आलोचना कर रही है। कमल नाथ ने दावा किया कि प्रदेश में तीन लाख करोड़ से ज्यादा के घोटाले हुए हैं। कमलनाथ ने घोटाला शीट जारी की और कहा कि वह समय दूर नहीं जब गूगल पर घोटाला सर्च किया जाएगा तो शिवराज सिंह चौहान की तस्वीर सामने आएगी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार विश्व की सबसे अधिक घोटाला करने वाली सरकार है। शिवराज जी ने अपने 18 साल के कार्यकाल में घोटाले पर घोटाले कर भ्रष्टाचार का कीर्तिमान रच दिया है।
हकीकत भली-भांति समझ आ जाएगी
शिवराज सरकार के काले कारनामों का काला चिट्ठा बहुत लंबा है, जिनमें से कुछ महत्वपूर्ण महाघोटालों को शामिल कर कांग्रेस पार्टी ने शिवराज सरकार के 18 साल के कार्यकाल की घोटाला-शीट तैयार की है। इससे मध्य प्रदेश की जनता को 50 प्रतिशत कमीशनराज की तथ्यात्मक हकीकत भली-भांति समझ आ जाएगी। कमलनाथ ने कहा कि संसार में ऐसा उदाहरण कम ही मिलेगा जब किसी मुख्यमंत्री ने गर्भस्थ शिशु से लेकर मृत्यु को प्राप्त हो चुके मनुष्य तक को अपने घोटाले में शामिल कर लिया हो।
बेईमानों के लिए यह गाना लिखा गया था
इतना ही नहीं घोटाला करने में भगवान को भी न छोड़ा हो। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, पोषाहार घोटाले में शिवराज सरकार ने गर्भवती और गर्भस्थ शिशुओं के साथ भ्रष्टाचार किया। राशन घोटाले में सभी नागरिकों के भोजन में घोटाला किया। आयुष्मान घोटाले में मृतकों के नाम पर उपचार कराकर संसार से विदा हो चुके मृतकों के नाम पर भी घोटाला कर दिया। यही एक ऐसी सरकार है, जिसने सिंहस्थ और महाकाल लोक घोटाले में भ्रष्टाचार कर भगवान के साथ भी धोखा किया है। शायद इन्हीं जैसे बेईमानों के लिए यह गाना लिखा गया था, भगवान को धोखा देते हैं, इंसान को यह क्या छोड़ेंगे ?


Download Android App
Download iOS App



