छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अटल बिहारी वाजपेयी के अस्थि कलश श्रद्धांजलि कार्यक्रम में ठहाका लगाने के बाद विवादों में आए मंत्रीद्वय बृजमोहन अग्रवाल और अजय चंद्राकर के खिलाफ कांग्रेस ने पूरी तरह मोर्चा खोल दिया है।
कांग्रेस ने शनिवार को बकायदा संवाददाता सम्मेलन कर दोनों ही मंत्रियों को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी को चुनावी मुद्दा बनाना चाहती है।
दिवंगत वाजपेयी की भतीजी और कांग्रेस की नेता करुणा शुक्ला ने कहा, ‘शोक सभा में मंत्रियों के ठहाके ने उन्हें अत्यंत पीड़ा पहुंचाई है। मंत्रियों का व्यवहार भारतरत्न का अपमान है। सरकार को दोनों ही मंत्रियों को तत्काल हटा देना चाहिए। लेकिन शर्म की बात यह है कि अबतक इस मामले में न तो मंत्रियों ने और न सरकार ने माफी मांगी है। सच्चाई यह है कि छत्तीसगढ़ राज्य का सपना तो अटलजी ने पूरा कर दिया, लेकिन भाजपा सरकार ने अटलजी का एक भी सपना पूरा नहीं किया है। अटल के सपने का छत्तीसगढ़ बर्बाद हो गया है।’
वाजपेयी के लिए रखी शोक सभा में हंसते हुए मंत्रियों का वीडियो वायरल
उन्होंने कहा, ‘भतीजी के नाते भी व्यथा है, और कांग्रेस नेत्री के नाते भी व्यथा है। अटल बिहारी बाजपेयी को पार्टियों में मत बांटों। नेहरू जी ने कहा था अटल एक दिन प्रधानमंत्री होंगे। नेहरू जी ने वसीयत में लिखा था कि उनकी राख को जंगल में डाला जाए।’
शुक्ला ने कहा कि रमन सरकार हर चुनाव में ब्रम्हास्त्र निकालती है, और अटल बिहारी वाजपेयी की मौत को वह चुनावी ब्रह्मास्त्र के तौर पर इस्तेमाल करना चाहती है।


Download Android App
Download iOS App



