मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान की सरकार पर विपक्षी दल कांग्रेस अकसर हमलावर बनी रहती है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ कई मौकों पर शिवराज सिंह चौहान सरकार पर तीखे जुबानी हमले करते है। ऐसे में मध्य प्रदेश में कमल नाथ के नेतृत्व वाली सरकार के इस्तीफा देने की तारीख यानिकी 20 मार्च को कांग्रेस की प्रदेश इकाई लोकतंत्र सम्मान दिवस मनाने जा रही है। इस दिन जिला स्तर पर तिरंगा यात्रा भी निकाली जाएगी।
यह जनादेश, लोकतंत्र और संविधान का अपमान है
कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी चन्द्रप्रभाष शेखर ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि 15 वर्षों के बाद मध्य प्रदेश की जनता ने सरकार बदलने का निर्णय लेकर कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी को प्रदेश की बागडोर सौंपी थी, परन्तु भाजपा ने धनबल और खरीद-फरोख्त की राजनीति करते हुए जनता की चुनी हुई सरकार को गिरा दिया। यह जनादेश, लोकतंत्र और संविधान का अपमान है।
20 मार्च 2020 को मुख्यमंत्री के पद से त्यागपत्र दिया था
शेखर ने आगे कहा कि भाजपा जब तमाम नैतिक मूल्यों और आदशरें को कुचलकर सत्ता हासिल करने के लिए प्रजातन्त्र को धनतंत्र से कुचल रही थी, तब तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ ने लोकतांत्रिक मूल्यों, आदर्शवादी सिद्धांतों और नैतिकता के उच्च मापदंडों को मानते हुए 20 मार्च 2020 को मुख्यमंत्री के पद से त्यागपत्र दे दिया।
शेखर ने, ‘लोकतंत्र सम्मान दिवस’ मनाने का ऐलान करते हुए बताया कि कमलनाथ द्वारा खरीद-फरोख्त की राजनीति को ठुकराते हुए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की तारीख 20 मार्च को लोकतंत्र सम्मान दिवस के रूप में मनाएंगे। इस दिन सभी जिला मुख्यालय में तिरंगा यात्रा का आयोजन, संविधान की प्रस्तावना का वाचन एवं वितरण किया जाएगा, साथ ही महात्मा गांधी एवं डा अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण होगा। इस दिन सभी कांग्रेस कार्यालयों में कमलनाथ के वीडियो सन्देश का प्रदर्शन व प्रसारण किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



