कांग्रेस असम में प्रथम चरण के विधानसभा चुनाव में एक भी सीट महागठबंधन के अपने छह साझेदारों को नहीं देगी। पार्टी के एक सूत्र ने रविवार को यह जानकारी दी।
राज्य में 27 मार्च को प्रथम चरण के चुनाव के तहत 47 सीटों पर मतदान होगा।
हालांकि, कांग्रेस और उसके अन्य गठबंधन साझेदारों ने अभी सीटों के बंटवारे को लेकर आधिकारिक रूप से कोई घोषणा नहीं की है।
कांग्रेस ने शनिवार रात, प्रथम चरण के चुनाव के लिये 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। पहले चरण के लिये नामांकन पत्र दाखिल करने का मंगलवार को अंतिम दिन है।
कांग्रेस के एक सूत्र ने पीटीआई-भाषा को बताया कि दूसरी सूची रविवार रात जारी की जाएगी। इसमें पहले चरण की शेष सात सीटों के उम्मीदवारों के नाम होंगे।
इस सूची में दूसरे चरण के लिये उम्मीदवारों के नाम भी शामिल होंगे। दूसरे चरण में 39 सीटों पर एक अप्रैल को मतदान होगा।
राज्य में तीन चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं।


Download Android App
Download iOS App



