मध्यप्रदेश की भोपाल संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आज शुक्रवार को कहा कि प्रदेश के लोगों को भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जो दर्द दिए हैं, कांग्रेस उसका समाधान देगी। दिग्विजय सिंह ने अपने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि भाजपा सरकारों ने दर्द दिया है, हम समाधान देंगे। प्रदेश में कांग्रेस सरकार हर सेक्टर के उद्योगों के लिए एक अलग नीति बना रही है। उद्योगों की जरूरत को पूरा करने के लिये सिस्टम की कार्यशैली में परिवर्तन लाएंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार की नोटबंदी और जीएसटी ने उद्योगों की कमर तोड़ दी। भाजपा सरकार औद्योगिक विकास की बातें करती रही और प्रदेश के पीथमपुर और मंडीदीप जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में हजारों मजदूरों की छंटनी कर दी गई। भोपाल के बैरागढ का कपड़ा बाजार नोटबंदी और जीएसटी की मार से अब तक उबर नहीं पाया है।
उन्होंने कहा कि शिवराज सरकार ने लघु उद्योग मंत्रालय बनाया, लेकिन उनकी समस्याएँ जस की तस हैं। जीएसटी लागू होने के बाद लघु उद्योगों को मिलने वाली डेढ़ करोड़ रुपए तक की एक्साइज में छूट बंद कर दी गई। बड़े उद्योगपतियों की ‘दोस्त’ सरकार के इस निर्णय के कारण लघु उद्योग बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में फूड प्रोसेसिंग, टूरिज्म, गारमेंट और सर्विस सेक्टर को बढ़ावा दिया जाएगा। औद्योगिक संगठनों की समस्याओं पर उनकी सलाह से निर्णय लिया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App





