देशभर में फैले कोविड 19 महामारी से निपटने के लिए केंद्र और राज्यों की सरकारें तमाम हथकंडे अपना रही है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अलग-अलग राज्यों के सीएम से बात कर राज्यों का हाल जान रहे हैं। इस बीच पीएम मोदी ने शुक्रवार की शाम पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से फोन पर बात की और कोविड-19 को फैलने से रोकने में राज्य सरकार के कदमों की तारीफ की। मुख्यमंत्री के करीबी सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि मोदी ने बातचीत के दौरान राज्य में मौजूदा हालात का जायजा भी लिया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन के दौरान नागरिकों की मदद के लिए तृणमूल कांग्रेस सरकार द्वारा उठाये गये कदमों की प्रशंसा की। सूत्रों के अनुसार दोनों नेताओं की बातचीत करीब दस मिनट चली। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी ममता बनर्जी से बात की और राज्य की स्थिति की जानकारी ली।
बता दें, पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 10 हो गई है जबकि एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। तो वहीं, देश में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या कुल 830 हो गई है और 19 लोग की मृत्यु हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



