देश में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। इससे निपटने के लिए लॉकडाउन लागू है। इस बीच शिवसेना के नेता संजय राउत ने कोरोना वायरस से बुरी तरह प्रभावित मुंबई के लिए विशेष पैकेज दिए जाने की बुधवार को मांग की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर भारत को आत्म-निर्भर बनाने में मदद के लिए मंगलवार को कुल 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज की घोषणा की थी।
राउत ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए मांग की कि मुंबई को इसका ‘‘अधिकतम लाभ’’ दिया जाए। उन्होंने कहा, ‘‘कामगार शहर छोड़कर जा रहे हैं, क्योंकि उनके पास यहां काम नहीं बचा है। देश की वित्तीय राजधानी के तौर पर मुंबई की महत्ता बनी रहनी चाहिए। केंद्र को मुंबई तथा नौकरियां पैदा करने वाले अन्य शहरों के लिए विशेष पैकेज की घोषणा करनी चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि शिवसेना ने, मोदी की 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज संबंधी घोषणा का स्वागत किया है। राज्यसभा सदस्य राउत ने कहा, ‘‘यह आलोचना करने का समय नहीं है। इस समय पूरा देश प्रधानमंत्री के साथ है।’’ हालांकि उन्होंने कहा, ‘‘घोषित किए गए पूरे पैकेज में से मुंबई को सर्वाधिक लाभ मिलना चाहिए।’’


Download Android App
Download iOS App



