महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का कहर जारी है। संक्रमितों की संख्या में लगातार तेजी से इजाफा हो रहा है। महाराष्ट्र में मंगलवार को कोविड-19 के 18,390 नए मामले सामने आए, जिससे राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 12,42,770 हो गयी। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।
विभाग ने बताया कि 392 लोगों ने संक्रमण के कारण दम तोड़ दिया, जिससे राज्य में महामारी में मरने वालों की संख्या 33,407 हो गयी। उन्होंने बताया कि उपचार के बाद दिन में कुल 20,206 रोगियों को छुट्टी दे दी गई, जिससे राज्य में ठीक हुए मरीजों की संख्या 9,36,554 पहुंच गई। राज्य में अब 2,72,410 मरीजों का इलाज चल रहा है।
मुंबई शहर में दिन के दौरान संक्रमण के 1,628 नए मामले सामने आए, जिसने महानगर में संक्रमितों की कुल संख्या 1,87,904 तक पहुंच गई, जबकि 50 और मरीजों की जान जाने से मृतकों की संख्या 8,555 हो गई। राज्य में अब तक 60,17,284 जांच हुई हैं।
बताते चले कि देशभर में कोरोना का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में संक्रमितों का आंकड़ा 55,62,663 तक पहुंच गया है और 88,935 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 44,97,867 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



