पूरे देश में कोरोना वायरस महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के में कोरोना के रिकॉर्ड 20,131 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9,43,772 तक पहुंच गई लेकिन चिंता की बात यह है कि इसके साथ ही सक्रिय मामलों में भी 6,500 से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है।
राज्य में सोमवार को 16,429 नये मामले सामने आये थे लेकिन इससे पहले लगातार दूसरे दिन रविवार को 23,350 कोरोना के नये मामले सामने आये थे जो अब तक के सर्वाधिक मामले हैं। शनिवार को भी 20,800 नये मामले आये थे। राज्य में इस दौरान नये मामलों की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों की संख्या में भी गिरावट दर्ज की गयी तथा इस दौरान 13,234 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या 6.72 लाख से अधिक हो गयी है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्य में अब तक 9,43,772 लोग इस महामारी की चपेट में आए हैं तथा 380 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 27,407 हो गयी है। राज्य में स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 6,72,556 हो गयी है। राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आज घटकर 71.26 प्रतिशत पर आ गयी जो सोमवार को 71.38 फीसदी थी जबकि मरीजों की मृत्यु दर 2.90 फीसदी रह गयी।
राज्य में आज 6,512 मरीजों की बढ़तरी दर्ज किये जाने के बाद चिंता बढ़ गयी है। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या आज 2,43,446 पहुंच गयी जो सोमवार को 2,36,934 रही थी। सभी मरीजों का विभिन्न अस्पतालों और कोविड केंद्रों में इलाज किया जा रहा है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र पूरे देश में कोरोना संक्रमण और मौत के मामले में पहले स्थान पर है। देश में सबसे अधिक सक्रिय मामले भी इसी राज्य में हैं।


Download Android App
Download iOS App



