महाराष्ट्र में बुधवार को कोरोना वायरस के 5,537 नए मरीज सामने आए, जिससे राज्य में संक्रमण के 1,80,298 मामले हो गये। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि संक्रमण से 198 और मरीजों की मौत के साथ राज्य में महामारी के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 8,053 हो गई।
विभाग के मुताबिक, बुधवार को कोरोना वायरस के 2,243 रोगियों को ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई, जिससे राज्य में स्वस्थ हो चुके रोगियों की संख्या 93,154 पहुंच गई। महाराष्ट्र में अभी इलाजरत मरीजों की संख्या 79,091 है। राज्य में अबतक 9,92,723 लोगों की जांच की जा चुकी है।
बता दें , मुंबई के धारावी इलाके में कोरोना वायरस के 14 नए मरीज सामने आने से बुधवार को कुल संख्या बढ़कर 2,282 हो गयी। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। हालांकि नागरिक निकाय ने उस क्षेत्र में कोविड-19 से हुयी मौतों की संख्या का खुलासा नहीं किया। धारावी को एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती कहा जाता है।
बीएमसी ने पिछले कुछ दिनों में धारावी में हुई मौतों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। रविवार तक क्षेत्र में महामारी के कारण मरने वालों की संख्या 82 थी। अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में कोरोना वायरस के 535 मरीजों का इलाज चल रहा है वहीं ठीक हो जाने के बाद 1,618 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गयी है।
करीब 2.5 वर्ग किलोमीटर में फैले धारावी की आबादी करीब 6.5 लाख है। निकटवर्ती दादर और माहिम क्षेत्रों में बुधवार को कोरोना वायरस के क्रमश: 21 और 19 नए मामले सामने आए।


Download Android App
Download iOS App



