झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए राज्य की सभी 4563 ग्राम पंचायतों में आइसोलेशन वार्ड बनाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए लॉकडाउन का पालन करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर लिखा, सरकार हर झारखंडी की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठा रही है। लोग अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान नहीं दें। सेनिटाइजर और मास्क की कालाबाजारी रोकने के लिए राज्य भर में लगातार छापेमारी को अंजाम दिया जा रहा है। साथ ही सभी पंचायत में आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था करने का निर्देश दे दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को कहा, सामाजिक सहयोग से हम कोरोनावायरस के संक्रमण की रोकथाम कर उससे लड़ सकते हैं। उन्होंने सभी से लॉकडाउन के निर्देशों का सख्ती से पालन करने का आग्रह करते हुए कहा, लोग जरूरी सामान खरीदने के लिए ही घर से बाहर निकलें। घर में रहकर हम सभी अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे तो सभी को मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री सभी जिला उपायुक्तों एवं पुलिस प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा, सुनिश्चित करें कि लॉकडाउन में सरकार द्वारा निर्देशित जरूरी सेवाओं के अतरिक्त लोग घर से बाहर न घूमें। जनता को जागरूक करें कि अनावश्यक घर से निकलने से कुछ हासिल नहीं होगा।
उन्हें यह बताएं कि घर में रहने से जनता समाज को बहुत बड़ा सहयोग दे सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा, राज्य में महीनों तक के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद्य पदार्थो की व्यवस्था है और रहेगी। सभी जिला उपायुक्त एवं पुलिस प्रशासन निगरानी कर सुनिश्चित करें कि खाद्य पदार्थो की कालाबाजारी के कारण बेवजह लोगों को अफवाहों और कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। उल्लेखनीय है कि झारखंड में कोरोनावायरस के संक्रमण से बचने के लिए सोमवार से पूरे राज्य में लॉकडाउन लागू कर दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



