राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को कहा कि लोग लॉकडाउन को कर्फ्यू के समान मानते हुए गंभीरता से लें अन्यथा सरकार को राज्य में वास्तव में कर्फ्यू लागू करना पड़ेगा। सोमवार को राज्य में COVID-19 के चार पॉजिटिव मामले सामने आये हैं।
गहलोत ने ट्वीट किया, ‘‘सभी लोगों का जीवन सुरक्षित करने के लिये मैं यह चेतावनी दे रहा हूं कि कृपया ऐसे व्यवहार करें जैसे कि कर्फ्यू लगा है और अपने अपने घरों में रहें। लॉकडाउन को गंभीरता से लेकर उसे कर्फ्यू के समान मानें अन्यथा हमें राज्य में वास्तव में कर्फ्यू लगाना पड़ेगा।’’
मैं आप सभी के जीवन की रक्षा के लिए आगाह कर रहा हूँ, कृपया कर्फ्यू की तरह बर्ताव करें, घरों में ही रहें। #Lockdown को self-imposed कर्फ्यू मानकर गंभीरता से लें वरना हमें प्रदेश में कर्फ्यू लगाना पडेगा।#COVID19 #Rajasthan
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) March 23, 2020
गहलोत राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति पर उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। वहीं राज्य में सोमवार को चार नये COVID-19 पॉजिटिव मामले पाये गये। इससे कोरोना वायरस पॉजिटिव लोगों की संख्या अब तक 32 पहुंच गई है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य)रोहित कुमार सिंह ने बताया कि प्रतापगढ़ और जोधपुर में कोविड-19 के दो-दो मामले सोमवार को आए हैं जिससे राज्य में कोरोना वायरस पॉजिटिव लोगो की संख्या 32 पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि 89 संदिग्धों की जांच रिपोर्ट प्रक्रियाधीन है।


Download Android App
Download iOS App



