मुंबई की एक मजिस्ट्रेट अदालत ने शुक्रवार को पुलिस को अभिनेत्री कंगना रनौत और उनकी बहन द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए कथित भड़काऊ संदेशों के खिलाफ दर्ज शिकायत के संबंध में जारी जांच आदेश की प्रगति रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया। पिछले साल अक्टूबर में मजिस्ट्रेट अदालत ने उपनगरीय अंबोली पुलिस को एक वकील द्वारा दायर निजी शिकायत के संबंध में जांच करने का निर्देश देते हुए 5 दिसंबर तक रिपोर्ट दाखिल करने को कहा था।
शिकायतकर्ता ने रनौत और उनकी बहन पर आपत्तिजनक संदेशों को साझा करने का आरोप लगाया था। हालांकि, पुलिस निर्धारित समयसीमा में रिपोर्ट दाखिल करने में नाकाम रही थी, जिसके बाद पुलिस को पांच जनवरी तक का समय दिया गया था लेकिन उस तारीख को भी रिपोर्ट दाखिल नहीं की गई। पुलिस को 5 फरवरी की एक ओर समयसीमा दी गई थी लेकिन अभी भी पुलिस इस मामले में की गई जांच रिपोर्ट को दाखिल नहीं कर सकी है।
इस मामले में शिकायतकर्ता वकील अली कासिफ खान देशमुख ने कहा,‘‘उन्हें रिपोर्ट दाखिल करने के लिए पांच फरवरी तक का समय दिया गया था। हालांकि, वे इसमें नाकाम रहे हैं, मैंने अदालत से सीधे आरोपी को प्रक्रिया जारी करने का अनुरोध किया, जिसपर अदालत ने प्रगति रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया।’’ अदालत ने अगली सुनवाई 5 मार्च के लिए तय की।


Download Android App
Download iOS App



