इंदौर में कोरोना वायरस (कोविड-19) का संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। शहर में पिछले 24 घंटे के दौरान 92 नये मामले सामने आने के बाद मरीजों का संख्या बढ़कर 2,470 पर पहुंच गयी है। इस बात की जानकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने रविवार को दी।
उन्होंने यह भी बताया कि कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये 46 वर्षीय पुरुष की यहां एक सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गयी। इसके बाद जिले में इस महामारी की चपेट में आकर दम तोड़ने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 100 पर पहुंच गयी है। रेड जोन में शामिल जिले में रविवार सुबह की स्थिति में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर 4.05 प्रतिशत दर्ज की गयी। पिछले 22 दिन से जिले में यह दर पांच प्रतिशत से कम बनी हुई है।
दुनियाभर में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी, संक्रमितों का आंकड़ा 46 लाख के पार
प्रदेश सरकार के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इलाज के बाद जिले के 1,119 मरीज इस बीमारी से स्वस्थ हो चुके हैं।इंदौर जिले में कोरोना वायरस के प्रकोप की शुरुआत 24 मार्च से हुई, जब पहले चार मरीजों में इसके संक्रमण की पुष्टि हुई थी। प्रशासन ने इंदौर की शहरी सीमा में 25 मार्च से कर्फ्यू लगा रखा है, जबकि जिले के अन्य स्थानों पर सख्त लॉकडाउन लागू है।


Download Android App
Download iOS App



