मध्य प्रदेश में कोविड-19 की संक्रमण की दर कम होकर 3.39 हो गई है जबकि 3 मई को यह दर 13.8 प्रतिशत थी। राज्य सरकार ने इसकी जानकारी दी। प्रदेश सरकार के प्रवक्ता एवं गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मंगलवार को बताया कि गत 13 मई को मध्य प्रदेश में कोविड-19 की संक्रमण दर 13.8 प्रतिशत थी, जो अब कम होकर 3.39 फीसदी पर आ गई है। प्रदेश के 11 जिलों में कोविड-19 की संक्रमण दर एक प्रतिशत से भी कम है जबकि प्रदेश के चार जिलों में यह दर पांच प्रतिशत से ऊपर है।
मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण के 4,222 नए मामले सामने आए जबकि कोविड-19 से ठीक होने वाले की संख्या 7,873 है। इस प्रकार प्रदेश में फिलहाल कोविड-19 से ठीक होने वालों की दर बढ़कर 92.6 हो गई है। इससे पहले 23 मई को यह आंकड़ा 91.45 फीसद था।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के 11 जिलों भिंड, अलीराजपुर, मंडला, झाबुआ, आगर, डिंडोरी, खंडवा, बड़वानी, सिंगरौली, कटनी और नरसिंहपुर में कोविड-19 की संक्रमण दर एक प्रतिशत से कम है जबकि चार जिलों भोपाल, इन्दौर, सागर और नीमच में यह पांच प्रतिशत से ऊपर है। उन्होंने कहा कि इसे देखते हुए प्रदेश के कई जिलों में धीरे-धीरे कोरोना कर्फ्यू में ढील दी जा रही है। प्रदेश सरकार ने सोमवार को उन जिलों में कोरोना कर्फ्यू में सीमित ढील देने की अनुमति दी है जहां संक्रमण की दर पांच प्रतिशत से कम है।


Download Android App
Download iOS App



