शाह ने जानबूझकर बाढ़ प्रभावित केरल को छोड़ा, हवाई सर्वेक्षण के लिए चुने BJP शासित राज्य : माकपा

Summary :

माकपा ने आरोप लगाया, गृह मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के हवाई सर्वेक्षण में केवल भाजपा शासित राज्यों महाराष्ट्र और कर्नाटक को चुना। इससे साफ होता है कि उन्होंने बुरी तरह प्रभावित केरल का सर्वेक्षण जानबूझकर नहीं किया।

माकपा पोलितब्यूरो ने सोमवार को दावा किया कि गृह मंत्री अमित शाह ने जानबूझकर बाढ़ प्रभावित केरल का हवाई सर्वेक्षण नहीं किया और इसके बजाय महाराष्ट्र तथा कर्नाटक जैसे भाजपा शासित राज्यों को चुना। पार्टी ने एक बयान में देश के अनेक हिस्सों में बाढ़ के कारण जान-माल के नुकसान और मवेशियों के मारे जाने पर चिंता जताई। 
माकपा ने आरोप लगाया, “गृह मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के हवाई सर्वेक्षण में केवल भाजपा शासित राज्यों महाराष्ट्र और कर्नाटक को चुना। इससे साफ होता है कि उन्होंने बुरी तरह प्रभावित केरल का सर्वेक्षण जानबूझकर नहीं किया।” 
पार्टी ने कहा, “संघ – भाजपा से जुड़े कुछ तत्व सोशल मीडिया पर प्रचार कर रहे हैं और लोगों से केरल मुख्यमंत्री राहत कोष में चंदा नहीं देने को कह रहे हैं। प्राकृतिक आपदाओं और लोगों की दुर्भाग्यपूर्ण मौत के समय कम से कम राजनीतिक भेदभाव नहीं होना चाहिए।” केरल राज्य बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित है जिसमें अब तक 76 लोग मारे जा चुके हैं और करीब 58 लापता है। सुबह 11 बजे जारी ताजा सूचना के अनुसार राज्य में 1654 राहत केंद्रों में 2,87,585 लोगों ने शरण ली है। 

Desk Team