भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के नेता बिनॉय विश्वम ने गुजरात के मोरबी शहर में रविवार को केबल पुल टूटने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और दावा किया कि यह राज्य सरकार की ‘‘घोर लापरवाही’’ की ओर इशारा करता है। इस हादसे में 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है।
मच्छु नदी पर बना करीब एक सदी पुराना केबल पुल शाम करीब साढ़े छह बजे टूट गया क्योंकि चार दिन पहले ही मरम्मत के बाद इसे फिर से खोला गया था और पुल पर अत्यधिक संख्या में लोग जमा हो गए थे।
विश्वम ने ट्वीट किया, ‘‘गुजरात में केबल पुल का टूट कर गिरना भाजपा सरकार की घोर लापरवाही की ओर इशारा करता है। इसकी मरम्मत पांच दिन पहले होने की बात कही गई थी। ठेकेदारों को यह साहस कहां से मिला? मुआवजा बढ़ाने की जरूरत है। इसमें राजनीतिक सांठगांठ के खुलासे के लिए एक विश्वसनीय जांच होनी चाहिए।’’
26 अक्टूबर को गुजराती नववर्ष पर इस पुल को जनता के लिए फिर से खोला गया था। इससे पहले एक निजी संचालक ने लगभग छह महीने तक पुल की मरम्मत का काम किया था।


Download Android App
Download iOS App



