पुलिस के सामने नयी चुनौतियां हैं साइबर अपराध, ड्रग माफिया, डार्क वेब : बोम्मई

Summary :

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने सोमवार को कहा कि साइबर अपराध, ड्रग माफिया, डार्क वेब (जहां उपयोगकर्ता या वेबसाइट संचालक गुप्त रहते हों) आज की ‘नयी चुनौतियां’ हैं और ऐसे नये अपराधों से नयी प्रौद्योगिकी एवं उन्नत उपकरण के माध्यम से निपटने की जरूरत है।

अपराध के नए-नए तरीके आने के बाद पुलिस को भी इसके लिए अधिक कुशल पुलिस प्रणाली पर जोर देते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने सोमवार को कहा कि साइबर अपराध, ड्रग माफिया, डार्क वेब (जहां उपयोगकर्ता या वेबसाइट संचालक गुप्त रहते हों) आज की ‘नयी चुनौतियां’ हैं और ऐसे नये अपराधों से नयी प्रौद्योगिकी एवं उन्नत उपकरण के माध्यम से निपटने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस अधीक्षकों द्वारा मामलों की नियमित निगरानी के लिए उनके वास्ते एक सूचना पट्टिका (डैशबोर्ड) हो। बोम्मई ने कहा, ‘‘ साइबर अपराध, ड्रग माफिया, डार्क वेब जैसी नयी चुनौतियां हैं और इन नये प्रकार के अपराधों से नयी प्रौद्योगिकी एवं उन्नत उपकरण की मदद से निपटना होगा।’’
यहां वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के एक सम्मेलन का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ कर्नाटक पुलिस अपनी कार्य कुशलता के लिए जानी जाती है और देश भर में उसका अच्छा नाम है। ’’ उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य कुशलता के साथ इस परंपरा को बनाये रखने की जरूरत है। उन्होंने जनोन्मुखी पुलिस प्रणाली तथा अपराध रिपोर्टिंग प्रणाली में सुधार पर बल देते हुए कहा, ‘‘कानून व्यवस्था की स्थिति और अपराध पूर्णतया नियंत्रण में होना चाहिए एवं जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए।’’
मामलों की नियमित निगरानी के वास्ते पुलिस महानिदेशक एवं सभी पुलिस अधीक्षकों के लिए डैशबोर्ड की जरूरत रेखांकित करते हुए बोम्मई ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाये जाने चाहिए कि जिन आरोपियों के विरूद्ध आरोपपत्र दाखिल किये गये, उन्हें उचित सजा मिले, हर मामले का गहन आकलन हो, अदालत की टिप्पणियों का ख्याल रखा जाए ताकि भावी जांच में चीजों में सुधार हो।

Desk Team