झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेपीसीसी) के कार्यकर्ताओं ने राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था की बदतर स्थिति के खिलाफ आज सभी जिला मुख्यालय एवं सिविल सर्जन के कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया।
जेपीसीसी के प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे ने यहां बताया कि राज्य के सरकारी अस्पतालों की बदतर स्थिति, उचित इलाज के अभाव में गरीबों की मौत और अस्पतालों में गंदगी की तरफ सरकार का ध्यान आकृष्ट करने के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार के निर्देशों के अनुसार सभी जिला मुख्यालय एवं सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष कार्यकर्ताओं ने धरना दिया।
श्री दुबे ने कहा कि रांची, जमशेदपुर, धनबाद, चाईबासा, खूंटी, लोहरदगा, पलामू, गढ़वा एवं अन्य जिले में भारी बारिश के बावजूद धरना दिया गया। साथ ही इस बाबत सिविल सर्जन को ज्ञापन सौंपा गया।
उन्होंने चेतावनी देते हुये कहा कि यदि राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था की हालत मे सुधार नहीं हुआ तो पार्टी व्यापक पैमाने पर आंदोलन करेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कुमार जमशेदपुर में विरोध प्रदर्शन में शामिल हुये और वहां उनकी अगुवाई में सिविल सर्जन को ज्ञापन सौंपा गया।


Download Android App
Download iOS App



