भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अपनी मांगों की सूची के साथ निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की और उनसे गुजारिश की कि राज्य में चुनावों के दौरान सुरक्षा बलों की तैनाती का अंतिम अधिकार केंद्रीय पर्यवेक्षकों को हो।
राज्यसभा सदस्य और भाजपा नेता स्वपन दासगुप्ता ने कहा कि प्रतिनिधमंडल ने दिव्यांग और 80 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को डाक मत पत्र से मत देने संबंधी प्रावधान के दुरुपयोग को लेकर आयोग को अपनी चिंताओं से अवगत कराया और कहा कि ऐसे लोगों के लिए मतदान केंद्रों पर विशेष व्यवस्था की जा सकती है। निर्वाचन आयोग पिछले साल कोविड-19 महामारी के मद्देनजर इस प्रकार की व्यवस्था कर चुका है।
पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए दासगुप्ता ने कहा कि ‘‘पक्षपातपूर्ण’’ राज्य प्रशासन इन प्रावधानों का दुरुपयोग कर सकता है। भाजपा के इस प्रतिनिधिमंडल में दासगुप्ता के अलावा पार्टी महासचिव भूपेन्द्र यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष सहित कुछ अन्य नेता शामिल थे। पश्चिम बंगाल में इस साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने हैं।


Download Android App
Download iOS App



