स्पेशल पीएमएलए कोर्ट ने ICICI बैंक की पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंदा कोचर के पति दीपक कोचर को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में 19 सितंबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है। ईडी ने सोमवार को दीपक कोचर को ICICI बैंक-वीडियोकॉन मामले में गिरफ्तार किया था।
ईडी के वकील एडिशनल सॉलीसीटर जनरल अनिल सिंह ने कोचर की कस्टडी की मांग की। उनका कहना था कि कोचर जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। कोचर के वकील विजय अग्रवाल ने कहा कि उनके मुवक्किल को हिरासत में लिए जाने के 24 घंटे के भीतर कोर्ट में पेश नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि कोचर सोमवार को सुबह साढ़े दस बजे ईडी के मुंबई ऑफिस में जांच में शामिल हुए थे और उन्हें मंगलवार को दोपहर बाद साढ़े 12 बजे स्पेशल पीएमएलए कोर्ट में पेश किया गया। इस पर ईडी के वकील ने दलील दी कि कोचर को देर शाम 8 बजकर 6 मिनट पर गिरफ्तार किया गया था और उन्हें तय समय के भीतर कोर्ट में पेश किया गया।
इससे पहले ईडी ने जनवरी महीने में चंदा कोचर व उनके परिवार की 78.15 करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त कर लिया था। यह मामला वीडियोकॉन ग्रुप को बैंक ऋण देने में कथित अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच से जुड़ा है। ईडी ने करीब डेढ़ साल पहले यह केस दर्ज किया था।


Download Android App
Download iOS App



