अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े मामले में कथित ड्रग्स एंगल को लेकर चल रही जांच के सिलसिले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती मंगलवार को लगातार तीसरे दिन नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के सामने पेश हुई। वहीं मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में एनसीबी ने रिया को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद रिया को पहले मेडिकल टेस्ट के लिए ले जाया जाएगा। फ़िलहाल रिया से एजेंसी की पूछताछ जारी है।
रविवार को, रिया पहली बार एनसीबी के सामने पेश हुई थीं और उनसे छह घंटे की पूछताछ की गई थी। सोमवार को फिर से, एनसीबी की कम से कम दो टीमों ने उनसे आठ घंटे तक पूछताछ की थी। बता दें कि एनसीबी की पूछताछ में रिया ने आज पहली बार इस बात को कबूल किया कि उन्होंने ड्रग्स लिया है। आज रिया ने न सिर्फ इस बात को कबूला कि उन्होंने ड्रग्स का सेवन किया बल्कि उन्होंने उन बॉलीवुड पार्टियों के नाम भी एजेंसी को बताई जहां ड्रग्स ली जाती थी। अब एनसीबी ड्रग्स एंगल की जांच में सुशांत के को-स्टार्स और एक्टर्स समेत 25 बॉलीवुड चेहरों को समन करेगा।
मीडिया खबरों के अनुसार एनसीबी के सामने रिया चक्रवर्ती ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत पर यह भी आरोप लगाया कि उनके दवाब में वह ड्रग्स का सेवन करती थीं। एनसीबी को रिया ने यह भी बताया कि ड्रग्स लेने का दबाव सुशांत सिंह राजपूत ने उनपर बनाया था। वह ड्रग्स का सेवन इसी वजह से करती थीं। एनसीबी के समाने रिया चक्रवर्ती ने कबूल किया कि वह गांजा के साथ कुछ कैमिकल्स का सेवन भी करती थीं।
गौरतलब है कि इससे पहले रिया चक्रवर्ती के भाई शोविक, राजपूत के घरेलू स्टाफ दीपेश सांवत और सुशांत के हाउस मैनेजर सैमुएल मिरांडा को एनसीबी ने गिरफ्तार किया था और 9 सितंबर (बुधवार) तक एनसीबी की हिरासत में भेज दिया गया। एनसीबी के एक अधिकारी ने बताया कि एजेंसी ने मोबाइल फोन चैट रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डाटा प्राप्त किए हैं जिससे संकेत मिलता है कि इन लोगों ने कथित तौर पर कुछ प्रतिबंधित औषधि की खरीद की।


Download Android App
Download iOS App



