कोरोना वायरस का खतरनाक ‘डेल्टा’ वेरिएंट इंसानों के बाद जानवरों में भी पाया गया है। तमिलनाडु के वंडालूर में अरिग्नर अन्ना जूलॉजिकल पार्क में चार कोविड -19 संक्रमित शेरों के नमूनों में डेल्टा वेरिएंट का पता लगा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने पैंगोलिन लिनियेज बी.1.617.2 को ‘डेल्टा’ नाम दिया है।
पार्क की तरफ से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि जीनोम सीक्वेंसिंग से वेरिएंट का पता चला है, सभी पैंगोलिन वंश B.1.617.2 के हैं। जू के डिप्टी डायरेक्टर ने कहा कि इस वेरिएंट में संक्रमण की क्षमता बहुत ज्यादा है। जू ने 11 शेरों के कोरोना संक्रमण के सैंपल्ट जांच के लिए भेजे थे, इनमें 4 शेरों के सैंपल 24 मई को जबकि 7 शेरों के सैंपल 29 मई को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिसीज भोपाल भेजे थे।
3 जून को 9 शेरों के नमूनों में SARS CoV-2 की पुष्टि हुई थी। इसके बाद से इनका इलाज किया जा रहा था। ज़ू के डिप्टी डायरेक्टर ने कहा कि संस्थान ने SARS CoV-2 वायरस की जीनोम सीक्वेंसिंग का रिजल्ट अधिकारियों के अनुरोध के बाद शेयर किए।
उन्होंने कहा कि चार सैंपल्स की जीनोम सीक्वेंसिंग की गई, जिसमें सभी 4 में डेल्टा वेरिएंट मिला। नौ साल की एक शेरनी नीला और 12 साल के पथबनाथन नाम के एक नर शेर की इस महीने की शुरुआत में जू में कोरोना संक्रमण से मौत हो गई थी। चिड़ियाघर में कोरोना वायरस संक्रमण से दो हफ्तों के भीतर दो मौतें हुई थीं।


Download Android App
Download iOS App



