छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक को विधायक दल का नेता चुना है। वह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष होंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने शुक्रवार को बताया कि कौशिक को आज भाजपा विधायक दल की बैठक में नेता चुना गया।
उन्होंने बताया कि आज सुबह एकात्म परिसर में भाजपा के नव निर्वाचित विधायकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केन्द्रीय पर्यवेक्षक थावरचंद गहलोत और अनिल जैन उपस्थित थे। धरमलाल कौशिक बिलासपुर जिले के बिल्हा क्षेत्र से विधायक हैं। वह वर्ष 2008 से 2013 के दौरान विधानसभा अध्यक्ष भी रहे हैं। इस दौरान राज्य में भाजपा की सरकार थी।
धरमलाल कौशिक अन्य पिछड़ा वर्ग के वरिष्ठ नेता हैं। राज्य में इस वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 68 सीटों पर, भाजपा ने 15 सीटों पर और बसपा तथा जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने सात सीटों पर जीत हासिल की है। छत्तीसगढ़ की नई विधानसभा का पहला सत्र आज से शुरू हुआ है और 11 जनवरी तक चलेगा।


Download Android App
Download iOS App




