बीजेपी नेता धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिशा की बीजू जनता दल सरकार को घेरते हुए उस पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस नाकामी के कारण राज्य अराजकता की ओर बढ़ रहा है। बीजद के सचिव पी पी दास ने प्रधान के आरोपों को खारिज करते हुए ट्वीट किया, आपका भाजपा का नेता प्रतिपक्ष आदतन अपराधी है और पार्टी के युवा मोर्चा का अध्यक्ष हत्या के आरोप का सामना कर रहा है। इन नेताओं का समर्थन करके आप क्या संदेश देना चाहते हैं?

ओडिशा सरकार पर क्या लगाए आरोप
केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रधान ने सोमवार को आरोप लगाया कि ओडिशा में पुलिस महानिदेशक सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्य के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा, आपका (मुख्यमंत्री का) रावण जैसा अहंकार लोकतंत्र में टिकेगा नहीं। विरोध कर रहे युवा मोर्चा और एबीवीपी सदस्यों को धारा-307 (हत्या का प्रयास) के तहत जेल भेज दिया गया है।
राज्यपाल से इस मामले में की बात
इससे पहले, विपक्ष के नेता जयनारायण मिश्रा की अगुवाई में भाजपा विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल से मुलाकात की थी और 28 फरवरी को भाजपा की युवा इकाई की एक रैली पर पुलिस की कथित ज्यादती के मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की थी।



Download Android App
Download iOS App



