रांची : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के अनुसूचित जाति एवं जनजाति के कल्याण के लिए उठाये गये कदम की चर्चा करते हुये आज कहा कि देश और झारखंड में विकास की लहर है, ऐसे में विपक्ष झूठी अफवाह फैलाकर राज्य के आदिवासियों को गुमराह करने की कोशिश न करे।
श्री शाह ने यहां आदिवासी समाज के बुद्धिजीवियों से बातचीत के दौरान कहा कि विपक्षी दलों को आदिवासियों को गर्त में धकेलने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले चार साल में सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के बेहतर होने से राज्य के लोगों के जीवन स्तर में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि कोई भी गलत निर्णय न तो समुदाय का कल्याण कर सकता है और न ही वह राज्य के हित में हो सकता है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष झूठ बोल रहा है कि भाजपा सरकार ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति कानून को कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि यह कानून पहले की सरकारों के कार्यकाल में अधिक कमजोर था। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने संशोधन कर इस कानून को और मजबूत करने का प्रयास किया है।
श्री शाह ने कांग्रेस पार्टी के कानून के जानकारों को चुनौती देते हुये कहा कि वह इस मुद्दे पर बहस करा ले। उन्होंने आरोप लगाते हुये कहा कि इस कानून पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी केवल झूठ ही बोला है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार सशक्तिकरण, भागीदारी और सम्मान के एजेंडे पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए वह पूरे देश की यात्रा पर निकले हैं। श्री शाह ने कहा कि इस दौरान वह विपक्षी दलों द्वारा देश और राज्य में फैलाई जा रही झूठी अफवाहों के बीच लोगों को सच्चाई बताने के लिए जनता से सीधे संवाद करने के साथ ही अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदाय के सदस्यों से बातचीत कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



