आइजोल : मिजोरम के चंफाई जिले में शुक्रवार को 4.3 तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किये गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राज्य में पिछले एक महीने में नौंवी बार भूकंप के झटके महसूस किये गये है। उन्होंने बताया कि भूकंप से अब तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केन्द्र के अनुसार भूकंप अपराह्र तीन बजकर 56 मिनट पर आया और इसका केन्द्र चंफाई के दक्षिण-दक्षिणपश्चिम में 33 किलोमीटर दूर 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
बता दें, कोरोना वायरस के बीच कुदरत का कहर भी लगातार जारी है। गुरुवार को असम में कुछ ही घंटों के अंतराल में धरती दो बार हिली और इसके साथ ही पड़ोसी मेघालय में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि, इसमें जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप का पहला झटका बराक घाटी के करीमगंज में 18 किलोमीटर की गहराई पर केंद्रित था जिसकी तीव्रता 4.1 थी। यह सुबह 7:57 बजे महसूस किया गया। अधिकारियों ने बताया कि शिलांग और पश्चिमी गारो हिल्स क्षेत्र सहित समूचे मेघालय में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।


Download Android App
Download iOS App



