मुंबई :होटल मालिक गौरव आर्या मंगलवार को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से संबंधित धनशोधन मामले में बयान दर्ज कराने यहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय पहुंचे। इससे पहले ईडी ने सोमवार को दक्षिणी मुंबई में बलार्ड एस्टेट स्थित अपने कार्यालय में उनसे आठ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी।
एक अधिकारी ने बताया था कि ईडी ने यह पता चलने के बाद उन्हें पूछताछ के लिये बुलाया था कि अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने 2017 में उन्हें मोबाइल पर कुछ संदेश भेजे थे, जिनमें उनके बीच मादक पदार्थों को लेकर चर्चा होने के संकेत मिले थे।
सीबीआई चक्रवर्ती से, राजपूत को कथित तौर पर आत्महत्या के लिये उकसाने के मामले में पूछताछ कर रही है। ईडी भी चक्रवर्ती से पूछताछ कर रही है। गोवा में दो होटल चलाने वाले आर्या ने समाचार चैनलों से कहा था कि उन्होंने कभी मादक पदार्थों का लेन-देन नहीं किया और करीब तीन साल पहले आखिरी बार रिया से उनकी बातचीत हुई थी।
उन्होंने कहा कि वह राजपूत से कभी नहीं मिले। राजपूत (34) का शव कथित रूप से 14 जून मुंबई में उनके घर में पंखे से लटका हुआ मिला था।


Download Android App
Download iOS App



