शिवसेना के विधायक प्रताप सरनाइक ने उनके परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के बाद मंगलवार को कहा कि इस प्रकार के कदम उन्हें चुप नहीं करा सकते और वह मुंबई एवं महाराष्ट्र के लिए ‘‘फांसी पर भी लटकने’’ को तैयार हैं।
सरनाइक ने कहा कि ईडी के एक दल ने उनके कार्यालय एवं घर में तलाशी ली और दस्तावेज जब्त कर लिए। उन्होंने कहा कि वह करीब 30 साल से निर्माण और होटल कारोबार कर रहे हैं और नियमित रूप से कर दे रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे स्टाफ और बेटे ने ईडी के लोगों को जानकारी दी, लेकिन वे संतुष्ट नहीं थे।’’
सरनाइक (56) ठाणे के ओवाला-मजीवाडा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह तब सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने पत्र लिखकर निजी चैनल के प्रधान संपादक अर्नब गोस्वामी के खिलाफ दर्ज आत्महत्या के लिए उकसाने के 2018 के एक मामले को फिर से खोलने की मांग की थी।
गोस्वामी इस समय जमानत पर हैं। सरनाइक ने अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए महाराष्ट्र विधानसभा में एक सर्वसम्मत प्रस्ताव लाए जाने की भी मांग की थी।


Download Android App
Download iOS App



