झारखंड के राजनीतिक गलियारों में पैठ रखने वाले प्रेम प्रकाश उर्फ पीपी के रांची स्थित ठिकाने पर चल रही ईडी की छापेमारी के दौरान दो एके-47 राइफलें बरामद की गयी हैं। ये रायफलें हरमू स्थित उसके ठिकाने पर एक आलमारी की तलाशी के दौरान मिलीं। रायफल बरामदगी के बाद ईडी ने प्रेम प्रकाश के घर पर अरगोड़ा पुलिस और सार्जेंट मेजर को बुलाया है।
मामले से जुड़ी अहम सूचना यह भी है कि ईडी ने चार्टर्ड अकाउंटेंट जे. जयपुरियार के रांची स्थित दो ठिकानों पर भी छापामारी की है। बताया जा रहा है कि वह झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अकाउंट से जुड़ी कुछ फाइलें देखते हैं। प्रेम प्रकाश को झारखंड के सत्ता के गलियारे में पावर ब्रोकर के रूप में जाना जाता है।
ईडी की टीमों ने उसके और उसके करीबियों के 18 ठिकानों पर बुधवार सुबह से छापामारी शुरू की है। इसके पहले 25 मई को भी उसके आधा दर्जन ठिकानों पर छापामारी में कई कीमती सामान बरामद किए गए थे। एक कंबोडियन कछुआ भी उसके घर से मिला था, जिसे बाद में एक चिड़ियाघर को सौंप दिया गया।
दो एके-47 की बरामदगी की खबर फैलते ही प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा के नेता राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर हमलावर हो गये हैं। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने ट्विट कर कहा है कि झारखंड के मुख्यमंत्री और उनके पारिवारिक मित्र अमित अग्रवाल जी के सहयोगी प्रेम प्रकाश जी के यहां सूत्रों के अनुसार ईडी ने एके-47 बरामद किया है। यानी वह आतंकवादी व नक्सलियों का सरगना है।
एनआईए को इस मामले की जांच अपने हाथ में लेनी चाहिए। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा है कि प्रेम प्रकाश की राज्य की सरकार में कितनी ऊंची पहुंच रही है, यह हर कोई जानता है। अब उसके आवास से एके 47 की बरामदगी इस बात का सबूत है कि राज्य में सत्ता किस तरह के लोग चला रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



