प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा विजयन, उनके स्वामित्व वाली आईटी कंपनी और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ धन शोधन का मामला दर्ज किया है। यह मामला एक निजी खनिज फर्म द्वारा वीणा और उनकी कंपनी को किए गए कथित अवैध भुगतान से संबंधित है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
- एजेंसी ने पीएमएलए के तहत मामला किया दर्ज
- एसएफआईओ द्वारा दायर एक शिकायत का संज्ञान लेने के बाद ईडी ने मामला दर्ज
- शुरू की गई जांच के खिलाफ एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस की याचिका खारिज
इसमें शामिल लोगों को तलब किए जाने की संभावना
सूत्रों ने की माने तो एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया है और इसमें शामिल लोगों को तलब किए जाने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय की जांच इकाई गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) द्वारा दायर एक शिकायत का संज्ञान लेने के बाद ईडी ने मामला दर्ज किया है।
एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को 1.72 करोड़ रुपये का अवैध भुगतान
यह मामला आयकर विभाग की जांच पर आधारित है, जिसमें आरोप लगाया गया कि निजी कंपनी कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) ने 2018 से 2019 के दौरान वीणा की कंपनी-एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को 1.72 करोड़ रुपये का अवैध भुगतान किया जबकि आईटी फर्म ने कंपनी को कोई सेवा प्रदान नहीं की थी।
कर्नाटक उच्च न्यायालय ने पिछले महीने एसएफआईओ द्वारा शुरू की गई जांच के खिलाफ एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस की याचिका खारिज कर दी थी।


Download Android App
Download iOS App





