Maharashtra: महाराष्ट्र में कई दिनों से चल रहा मुख्यमंत्री पर संशय बुधवार को शिवसेना अध्यक्ष एकनाथ शिंदे की प्रेस कॉन्फ्रेंस के साथ समाप्त हो गया। निवर्तमान मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नेतृत्व जो फैसला लेगा, वह उन्हें मंजूर होगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राज्य का अगला सीएम भाजपा का होगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के निवर्तमान उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महायुति में मतभेद नहीं होते हैं।
महायुति में कभी भी किसी के बीच मतभेद नहीं- फडणनवीस
फडणवीस ने मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, हमारी महायुति में कभी भी किसी के बीच कोई मतभेद नहीं रहे हैं। हमने हमेशा मिलकर निर्णय लिए हैं और चुनाव से पहले भी हमने यही कहा था कि चुनाव के बाद हम साथ बैठकर निर्णय करेंगे। जिन लोगों के मन में कुछ शंकाएं थीं, उन्हें दूर करने का काम एकनाथ शिंदे ने किया है। जल्द ही हम अपने नेताओं के साथ बैठकर उचित निर्णय लेंगे। सरकार कब तक बनेगी, इस सवाल पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, आप लोग थोड़ी देर और इंतजार कीजिए। इससे पहले, एकनाथ शिंदे ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में महाराष्ट्र में अगले सीएम का रास्ता साफ कर दिया। उन्होंने कहा कि सीएम बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फैसला सर्वमान्य होगा। भाजपा का सीएम उन्हें मंजूर होगा।
PM मोदी का निर्णय शिवसेना को मंजूर
उन्होंने कहा, महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए मेरी तरफ से कोई अड़चन नहीं है। पीएम मोदी जो निर्णय लेंगे, वह मुझे मंजूर होगा। मैं चट्टान की तरह पीएम मोदी के साथ खड़ा हूं। पीएम मोदी भी चट्टान की तरह मेरे साथ खड़े हैं। बीजेपी का मुख्यमंत्री मुझे मंजूर होगा। मुझे पीएम मोदी और अमित शाह का फैसला मंजूर है। पीएम मोदी जो कुछ भी निर्णय लेंगे, वह शिवसेना को मंजूर है। महायुति मजबूत है और हम सब मिलकर काम करने को तैयार हैं।


Download Android App
Download iOS App



