मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने शनिवार को घोषणा की कि तेलंगाना सरकार राज्य में पूरी आबादी को निशुल्क कोविड-19 रोधी टीका लगवाएगी। राव ने कहा कि सभी को टीका लगाने में 2,500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी और लोगों की जिंदगी की अहमियत को देखते हुए यह राशि खर्च करनी चाहिए।
एक सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने इस बाबत मुख्य सचिव सोमेश कुमार तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। तेलंगाना की आबादी करीब चार करोड़ है जिनमें विभिन्न राज्यों से अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने आए लोग भी शामिल हैं और अबतक 35 लाख लोगों को टीका लग चुका है।
राव ने कहा कि शेष लोगों को निशुल्क टीका लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि टीकाकरण अभियान के अलावा यह देखने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे कि ऑक्सीजन और रेमडेसिविर की कमी न हो।


Download Android App
Download iOS App



