भारतीय वायुसेना तरल ऑक्सीजन के भंडारण के लिए सिंगापुर से चार क्रायोजेनिक कंटेनर लेकर आई है। वायुसेना के सी-17 विमान से इन कंटेनरों को सिंगापुर से हवाई मार्ग से लाया गया। अधिकारियों ने कहा कि चार क्रायोजेनिक ऑक्सीजन कंटेनर लेकर विमान पश्चिम बंगाल के पानागढ़ एअरबेस पर शाम करीब 4:30 बजे उतरा।
भारत कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर से जूझ रहा है और कई राज्य कोविड-19 मामलों की बढ़ती संख्या के बीच चिकित्सीय ऑक्सीजन और बिस्तरों की कमी से जूझ रहे हैं। शुक्रवार से, भारतीय वायुसेना कोविड-19 रोगियों के इलाज में अति-आवश्यक चिकित्सीय ऑक्सीजन के वितरण को गति देने के लिए खाली ऑक्सीजन टैंकर और कंटेनर हवाई मार्ग से देशभर के विभिन्न फिलिंग स्टेशनों तक पहुंचा रही है।
वायुसेना आवश्यक दवाओं के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों में निर्दिष्ट कोविड-19 अस्पतालों के लिए आवश्यक उपकरणों का परिवहन भी कर रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कार्यालय ने इससे पहले ट्वीट किया था, ‘‘भारतीय वायुसेना ऑक्सीजन और अन्य महत्वपूर्ण चीजों की आपूर्ति का परिवहन समय कम करने के लिए उड़ानें संचालित कर रही है।
एक सी -17 विमान आज सिंगापुर में चांगी हवाई अड्डे पर पहुंचा है। क्रायोजेनिक ऑक्सीजन टैंकों के इन कंटेनरों से देश में ऑक्सीजन की आपूर्ति को बढ़ाने में मदद मिलेगी।’’


Download Android App
Download iOS App

