भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि महाराष्ट्र में पिछले साल राकांपा और कांग्रेस के साथ सरकार बनाने के बाद शिवसेना ने ‘लव जेहाद’ पर अपना रूख ‘नरम’ कर लिया है। फडणवीस ने शिवसेना के सांसद संजय राउत पर उनके बयान को लेकर भी कटाक्ष किया जिसमें उन्होंने बिहार में ‘लव जेहाद’ के खिलाफ किसी तरह के कानून बनाने पर सवाल उठाया था।
पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘एक समय शिवसेना वेलेन्टाइन डे मनाए जाने का तीखा विरोध करती थी और प्रेमी जोड़ों की पिटाई करती थी। शिवसेना ‘लव जेहाद’ के खिलाफ 2014 से 2016 के दौरान कई लेख लिखा करती थी, लेकिन अब उसका रूख देखकर लगता है कि पार्टी बदल गयी है।’’
राउत की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा, ‘‘मुझे हैरानी है कि प्रगतिशील राज्य होने के बावजूद किसी कानून के लिए महाराष्ट्र को बिहार की ओर देखना पड़ रहा है। मुझे आश्चर्य हो रहा है कि राउत इसके लिए बिहार की तरफ क्यों देख रहे हैं।’’
महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता फडणवीस ने फिर से दोहराया कि अंदरूनी विरोधाभास के कारण शिवसेना के नेतृत्व वाली सरकार गिर जाएगी और भाजपा को उसे सत्ता से हटाने के लिए किसी तरह का प्रयास करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।


Download Android App
Download iOS App



